Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
दिल्ली को मिले 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, CM रेखा गुप्ता ने गिनाईं सरकार की स्वास्थ्य और विकास योजनाएं

दिल्ली को मिले 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, CM रेखा गुप्ता ने गिनाईं सरकार की स्वास्थ्य और विकास योजनाएं

Delhi Samachar18 July 2026, 08:52 AM8 views

दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये केंद्र आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस हैं और इन्हें पुराने मोहल्ला क्लिनिक की तर्ज पर नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य ढांचे के साथ तैयार किया गया है। उनका कहना था कि दिल्लीवासियों को गुणवत्तापूर्ण इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को लेकर भी कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने बताया कि दिल्ली की प्रत्येक विधानसभा के लिए 100-100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे हर ब्लॉक और कॉलोनी में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने आरडब्ल्यूए और स्थानीय निवासियों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। त्रिनगर विधानसभा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वर्षों से रुके विकास कार्य अब तेजी से पूरे हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार उन कार्यों को पूरा करेगी, जो पिछली सरकारें लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद नहीं कर सकीं। उन्होंने मानसून प्रबंधन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष उन इलाकों में भी जलभराव नहीं हुआ, जहां हर साल गंभीर समस्या रहती थी।

भ्रष्टाचार पर सख्त रुख अपनाते हुए रेखा गुप्ता ने दोहराया कि सरकार 'जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट करप्शन' की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आगामी मानसून सत्र में दिल्ली सरकार 'राइट टू सर्विस' कानून लाएगी, जिससे नागरिकों को सरकारी सेवाएं तय समय सीमा में उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: