राजधानी दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को आज बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। दिल्ली सरकार शहर की सड़कों पर करीब 300 नई इलेक्ट्रिक बसें उतारने जा रही है। इन बसों के शुरू होने से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल सफर का विकल्प मिलेगा। साथ ही, राजधानी में बसों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।
इन नई ई-बसों का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दक्षिण दिल्ली के आरके पुरम में आयोजित एक कार्यक्रम में करेंगे। इस दौरान दोनों नेता हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान नंद नगरी में एक अत्याधुनिक वाहन फिटनेस सेंटर का उद्घाटन भी किया जाएगा। इसके अलावा नए बस डिपो की आधारशिला भी रखी जाएगी, जिससे भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और रखरखाव को और अधिक मजबूती मिलेगी।
दिल्ली सरकार का कहना है कि नई ई-बसों के शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी। इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण कम करने के साथ-साथ ईंधन की लागत घटाने में भी मददगार साबित होंगी। इससे राजधानी में स्वच्छ और हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
फिलहाल दिल्ली में करीब 4,500 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं, जबकि कुल बसों की संख्या लगभग 6,300 है। नई 300 ई-बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा और बड़ा हो जाएगा। इसी के साथ राष्ट्रीय राजधानी देश में सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क वाले शहरों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगी।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

