दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर 20 कार्टन मीट मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सवाल यह है कि आखिर मटन के नाम पर इन कार्टनों में कौन सा मीट दिल्ली लाया जा रहा था? क्या मटन की आड़ में गोमांस की सप्लाई की जा रही थी? फिलहाल इस पूरे मामले का सच FSL जांच के बाद ही सामने आएगा।
जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर को DCP रेलवे भरत रेड्डी को सूचना मिली थी कि ट्रेन के जरिए 20 कार्टन में संदिग्ध मीट दिल्ली पहुंचाया जा रहा है। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और पार्सल सर्विसेज की टीम को अलर्ट किया गया। इसके बाद निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन पर कार्रवाई करते हुए इन कार्टनों को ट्रेन से उतारकर कब्जे में लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन कार्टनों की बुकिंग हैदराबाद से एक लॉजिस्टिक्स कंपनी के माध्यम से मटन और मीट आइटम के नाम पर की गई थी। लेकिन मीट की वास्तविक पहचान को लेकर संदेह पैदा होने के बाद मौके पर FSL टीम, वेटरनरी डॉक्टर और जांच अधिकारी पहुंचे।
अब मीट के सैंपल लेकर FSL जांच के लिए भेजे जाएंगे। DCP भरत रेड्डी के मुताबिक, रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर BNS और संबंधित विशेष कानूनों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, खराब होने वाली वस्तु होने के कारण मीट को कानूनी प्रक्रिया के तहत डिस्पोज किया जाएगा।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मटन के नाम पर गोमांस की सप्लाई हो रही थी? इसका जवाब अब FSL रिपोर्ट से ही मिलेगा।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


