बवाना की जेजे कॉलोनी में एक 18 वर्षीय युवक की हत्या के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल था कि आखिर इस वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया? मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और अब इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, 9 नवंबर 2026 को पुलिस को बवाना की ई-ब्लॉक जेजे कॉलोनी में एक युवक के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को 18 वर्षीय ब्रजेश उर्फ बाली चाकू के गंभीर घावों के साथ मिला। पुलिस उसे तुरंत नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उमर मस्जिद के पास ब्रजेश पर चाकू से हमला किया गया था। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और आपसी झगड़ा इस हत्या की वजह बना। पुलिस ने इस संबंध में BNS की धारा 103(1) के तहत FIR नंबर 634/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही लोकल इंटेलिजेंस की मदद से संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बवाना जेजे कॉलोनी के रहने वाले फरदीन उर्फ आकाश को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई ACP राकेश कुमार के पर्यवेक्षण और SHO मनोज कुमार के नेतृत्व में की गई। वहीं, DCP शोभित डी. सक्सेना के अनुसार हत्या के पीछे की वजह और अन्य साक्ष्यों को लेकर आगे की जांच जारी है।
रिपोर्टर – सोनू, आउटर नॉर्थ दिल्ली


