Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
दिल्ली की हवा में 17 दिन बाद राहत! एम्स का AQI 278 तो इंडिया गेट पर 112, प्रदूषण के स्तर में आई गिरावट

दिल्ली की हवा में 17 दिन बाद राहत! एम्स का AQI 278 तो इंडिया गेट पर 112, प्रदूषण के स्तर में आई गिरावट

Delhi SamacharDelhi Samachar18 November 2026, 06:15 AM5 views

राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच अब कुछ राहत की तस्वीर सामने आने लगी है। दिवाली के बाद जहरीली हवा का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन क्या दिल्ली की हवा अब सांस लेने के लिए सुरक्षित हो गई है? आंकड़े बताते हैं कि अभी राहत जरूर मिली है, मगर खतरा पूरी तरह टला नहीं है।

बात करें बुधवार सुबह की तो दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI में बड़ा अंतर देखने को मिला। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सुबह 5 बजे एम्स के आसपास AQI 278 दर्ज किया गया, जबकि आनंद विहार में यह 206 रहा। दोनों ही इलाके खराब श्रेणी में बने हुए हैं।

वहीं इंडिया गेट के आसपास AQI 112 और नेहरू स्टेडियम के पास 152 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। यानी राजधानी के कुछ इलाकों में हवा की स्थिति पहले से बेहतर हुई है।

गौरतलब है कि नवंबर की शुरुआत से दिल्ली की हवा लगातार गंभीर और बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई थी। दिवाली के दौरान कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया था। लेकिन मंगलवार, 17 नवंबर को सीपीसीबी के 57 वैध निगरानी केंद्रों में एक भी केंद्र गंभीर श्रेणी में दर्ज नहीं हुआ।

इनमें 26 केंद्रों पर हवा मध्यम, 30 पर खराब और केवल एक केंद्र पर बेहद खराब श्रेणी में रही। इससे पहले 16 नवंबर को 17 केंद्र बेहद खराब और एक केंद्र गंभीर श्रेणी में था।

करीब 17 दिनों बाद प्रदूषण के स्तर में आई यह गिरावट दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर है। हालांकि, अभी भी कई इलाकों में हवा खराब श्रेणी में है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।