दिल्ली के बास गांव रोड पर तड़के पुलिस और कुख्यात छैमार गैंग के एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश की ओर से चलाई गई गोली सब-इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। पुलिस की इस कार्रवाई से फार्महाउसों में डकैती की कथित साजिश नाकाम हो गई।
जानकारी के मुताबिक, साउथ डिस्ट्रिक्ट पुलिस की टीम को बदमाश की मौजूदगी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब बास गांव रोड पर पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एसआई नरेंद्र कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी। हालात को देखते हुए कांस्टेबल वसीम अकरम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सावन उर्फ सुधन उर्फ मूंछोड़ा फूफा के रूप में हुई है। आरोपी उत्तर प्रदेश के जौनपुर में डकैती और हत्या के मामले में एक लाख रुपये का इनामी बताया जा रहा है। इसके अलावा, वह उत्तर प्रदेश और पंजाब में कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित था।
मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से दो देसी कट्टे भी बरामद किए हैं। फिलहाल, मैदानगढ़ी थाना पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और डकैती की कथित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


