Delhi Samachar
दिल्ली : कालिंदी कुंज में 300 से ज्यादा झुग्गियों पर चला बुलडोजर, बेघर हुए सैकड़ों परिवार

दिल्ली : कालिंदी कुंज में 300 से ज्यादा झुग्गियों पर चला बुलडोजर, बेघर हुए सैकड़ों परिवार

Delhi SamacharDelhi Samachar17 June 2026, 05:14 AM11 views

राजधानी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में आज नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना किनारे बनी 300 से अधिक अवैध झुग्गियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी संख्या में दिल्ली पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। बुलडोजर चलते ही कई परिवारों में हड़कंप मच गया और लोगों ने निगम की कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने अभियान जारी रखा।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह पूरा क्षेत्र यमुना के ओ-ज़ोन में आता है, जहां किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण प्रतिबंधित है। मानसून से पहले यमुना किनारे अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है ताकि बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।

स्थानीय निवासी कमलेश ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में यह जमीन खरीदकर घर बनाया था। उनका कहना है कि जमीन बेचने वालों ने उन्हें यह नहीं बताया कि यह क्षेत्र ओ-ज़ोन में आता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटिस मिलने के बाद उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया और कई परिवार अपना सामान भी नहीं निकाल सके।

वहीं पीड़िता अक्षरा ने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से यहां रह रही थीं। अब घर टूटने के बाद उनके सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हो जिन्होंने पैसे लेकर लोगों को यहां बसाया था।

फिलहाल निगम का कहना है कि यमुना तट पर अवैध निर्माण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।