Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
दिल्ली में H1N1 के 138 नए मामले, कुल आंकड़ा 2,446; अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश

दिल्ली में H1N1 के 138 नए मामले, कुल आंकड़ा 2,446; अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश

Delhi SamacharDelhi Samachar27 August 2026, 05:53 AM14 views

दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राजधानी में H1N1 के 138 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही वर्ष 2026 में H1N1 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,446 हो गई है। वहीं, इन्फ्लूएंजा-ए के कुल 3,177 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

मामलों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए दिल्ली के सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में कम से कम पांच आइसोलेशन बेड तैयार रखने को कहा गया है, जबकि बड़े अस्पतालों में 10 या उससे अधिक बेड की व्यवस्था करने के निर्देश हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शिफ्ट-वार ड्यूटी रोस्टर तैयार करने को कहा है। बच्चों और बुजुर्गों जैसे संवेदनशील मरीजों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अस्पतालों के इमरजेंसी विभागों में फ्लू कॉर्नर को मजबूत करने और जरूरत पड़ने पर संदिग्ध मरीजों के स्वैब सैंपल लेकर जांच कराने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा टेस्टिंग के लिए जरूरी VTM और अन्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा गया है।

दवाओं के स्टॉक की भी नियमित समीक्षा की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि बुखार, खांसी या सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें और समय पर डॉक्टर से सलाह लें।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।