बाहरी दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया मे एक दाल मिल फैक्ट्री में लगी भीषण आग। आग इतनी भयंकर थी कि फैक्ट्री के बेसमेंट से उठती लपटों और धुएं के गुबार ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश में जुटी! गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।
तस्वीरें नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की हैं, जहां दाल मिल फैक्ट्री में लगी आग की भयावहता साफ देखी जा सकती है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री के बेसमेंट में रखा लाखों रुपए का सामान आग की चपेट में आ गया। आसमान में उठते धुएं के घने गुबार को देखकर आसपास की फैक्ट्रियों में भी आग लगने का खतरा मंडराने लगा,।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में दाल बनाने का काम होता था और वहां वेल्डिंग का काम भी चल रहा था। बताया जा रहा है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी पास में रखे दाल के बोरों और बारदाने तक पहुंची, जिसके बाद आग भड़क उठी। हालांकि, आग लगने की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी साफ नहीं हुई है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी में तीन दमकल गाड़ियों के पहुंचने की बात सामने आई, जबकि बाद में आधा दर्जन से ज्यादा दमकल गाड़ियों के आग बुझाने में जुटने की जानकारी मिली।
दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए।
राहत की बात यह रही कि आग फैलने के दौरान वहां मौजूद मजदूरों और वेल्डिंग का काम कर रहे कारीगरों को समय रहते बाहर निकलने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।
फैक्ट्री में रखे दाल के बोरों, बारदाने और अन्य सामान के बड़े पैमाने पर जलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन जांच और आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल दमकल विभाग आग पर काबू पाने में जुटा है और पुलिस के साथ संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली!


