दिल्ली की सड़कों पर एक पल की लापरवाही किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। आनंद पर्वत इलाके में सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक शख्स की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक के मौके से फरार होने के चलते अब पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
यह हादसा मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में मिलिट्री रोड पर रूट नंबर 212 के बस स्टैंड के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे एक डीटीसी बस ने दो स्कूटियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस हादसे में 40 वर्षीय अतुल भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई। अतुल मूल रूप से रानीखेड़ा के निवासी थे। वहीं, उनकी स्कूटी पर पीछे बैठे 38 वर्षीय भूषण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी स्कूटी पर सवार 48 वर्षीय राकेश, निवासी बापा नगर, भी हादसे में घायल हुए हैं।
घटना के बाद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए जीवन माला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतक अतुल के शव को पोस्टमार्टम के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद महिला बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गई। थाना डीबीजी रोड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। जांच के बाद हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


