Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Encounter : गुरुग्राम में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़, दीपक नांदल गैंग के चार शूटर्स ढेर

Encounter : गुरुग्राम में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़, दीपक नांदल गैंग के चार शूटर्स ढेर

Delhi SamacharDelhi Samachar10 July 2026, 05:32 AM8 views

दिल्ली से सटे गुरुग्राम के पॉश इलाके सुशांत लोक में शुक्रवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस और गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के शूटर्स के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से 60 से अधिक राउंड फायरिंग हुई, जिसमें गैंग के चार शूटर्स मौके पर मारे गए, जबकि एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। इस कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, विदेश में बैठकर रंगदारी का नेटवर्क चला रहे गैंगस्टर दीपक नांदल ने एक कारोबारी से करोड़ों की रंगदारी मांगी थी। कारोबारी के इनकार करने पर पांच हथियारबंद शूटर्स को उसके घर पर फायरिंग करने भेजा गया। पुलिस को पहले ही इन बदमाशों की गतिविधियों की सूचना मिल चुकी थी और टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें घेर लिया।

पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चार शूटर्स ढेर हो गए और एक घायल हो गया।

मौके से पुलिस ने पांच पिस्तौल बरामद की हैं, जिनमें तीन अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल शामिल हैं। बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश जिस काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे थे, वह किराये पर ली गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गैंग के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।