Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : यमुना की तेज धारा बनी काल, चार किशोर लापता, तलाश जारी

Delhi : यमुना की तेज धारा बनी काल, चार किशोर लापता, तलाश जारी

Delhi SamacharDelhi Samachar13 July 2026, 06:23 AM6 views

दिल्ली के अलीपुर इलाके से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यमुना नदी में नहाने गए चार किशोर तेज बहाव में डूब गए, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य किशोर ने शोर मचाकर लोगों को इसकी सूचना दी। घटना 12 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:46 बजे की है, जब अलीपुर थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि हिरनकी गांव के पास यमुना नदी के ठोकर नंबर-24 पर कुछ बच्चे नदी में डूब गए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि पांच नाबालिग लड़के यमुना में नहाने के लिए आए थे। नहाने के दौरान राहुल, अंशु, सौरभ और अमनदीप नदी के तेज बहाव में फंस गए और देखते ही देखते पानी में लापता हो गए। उनके साथ मौजूद 14 वर्षीय लकी नदी के बाहर था। उसने तुरंत शोर मचाकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों को बुलाया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चारों किशोर नदी की तेज धारा में बह चुके थे।

लापता बच्चों की पहचान 15 वर्षीय राहुल पुत्र सतीश, निवासी डीसीएम कॉलोनी इब्राहिमपुर, 15 वर्षीय अंशु पुत्र श्याम बिहारी शाह, निवासी डीसीएम कॉलोनी इब्राहिमपुर, 15 वर्षीय सौरभ पुत्र दीपक, निवासी बस स्टैंड के पास इब्राहिमपुर और 15 वर्षीय अमनदीप पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी ई-ब्लॉक, इब्राहिमपुर के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, डीडीएमए, फायर विभाग और संबंधित एसडीएम को मौके पर बुलाया गया। सभी एजेंसियां मिलकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। स्थानीय पुलिस भी बचाव दलों के साथ लगातार समन्वय कर रही है और बच्चों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बच्चों के मिलने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजन अपने बच्चों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

रिपोर्ट - सन्नी तुषीर

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।