Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Delhi : रोहिणी में ‘ऑपरेशन छापामारी चक्रव्यूह’, 109 आरोपी गिरफ्तार

Delhi : रोहिणी में ‘ऑपरेशन छापामारी चक्रव्यूह’, 109 आरोपी गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar23 August 2026, 12:01 PM9 views

रोहिणी जिले में अपराध पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली पुलिस ने 18 से 21 अगस्त तक विशेष अभियान ‘ऑपरेशन छापामारी चक्रव्यूह’ चलाया। DCP रोहिणी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान 5 हजार से अधिक वाहनों की जांच और सत्यापन किया गया।

अभियान में पुलिस ने चोरी के 161 दोपहिया वाहन बरामद किए, जिनमें 116 मोटरसाइकिल और 45 स्कूटी शामिल हैं। इसके अलावा 7 अवैध पिस्तौल, 15 जिंदा कारतूस और 9 बटनदार चाकू बरामद किए गए।

पुलिस कार्रवाई में 109 आरोपियों को गिरफ्तार या पकड़ा गया, जिनमें 24 हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं। वहीं 7 साइबर जालसाजों को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में इन आरोपियों के बैंक खातों से 26 शिकायतें जुड़ी मिली हैं, जिनमें करीब 78 लाख रुपये की कथित साइबर ठगी सामने आई है।

NDPS एक्ट के तहत दो आरोपियों से 686 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आबकारी अधिनियम के तहत 13 शराब तस्करों को गिरफ्तार कर 2,990 क्वार्टर अवैध शराब और एक कार जब्त की गई। जुआ अधिनियम के 11 मामलों में 21 आरोपियों को पकड़ा गया और 13,960 रुपये बरामद हुए।

इसके अलावा 5 घोषित अपराधियों और 7 सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों को भी गिरफ्तार किया गया। बेगमपुर थाना क्षेत्र में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य वाहन चोरी, झपटमारी, लूट और अन्य सड़क अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना था।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।