दिल्ली के बवाना में DSIIDC सेक्टर-1 स्थित एक फैक्ट्री के पास हुई छीना-झपटी की वारदात में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला का छीना गया OPPO A-78 मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
दरअसल, 21 अक्टूबर को 29 वर्षीय रुखसाना खातून फैक्ट्री से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए दो युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा मोबाइल लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही बवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू की। उसकी पहचान सलमान उर्फ हड्डी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जेजे कॉलोनी, बवाना के रूप में हुई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी अमल, उम्र 25 वर्ष, को भी गिरफ्तार कर लिया और छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, सलमान के खिलाफ पहले से तीन, जबकि अमल के खिलाफ नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले में बवाना थाने में BNS की धारा 304(2) के तहत FIR नंबर 635/26 दर्ज की गई है।
SHO इंस्पेक्टर अखिलेश बाजपेयी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब दोनों आरोपियों की अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।


